-पटसारा पंचायत के नल-जल अनुरक्षकों का बकाया मानदेय के बदले कमीशन मांगने का आरोप,जिलाधिकारी से कार्यवाई की मांग
मुजफ्फरपुर।जिले के बन्दरा प्रखंड की ग्राम पंचायत राज पटसारा में नल-जल योजना के अनुरक्षकों ने बकाया मानदेय के भुगतान में अनियमितता और पंचायत सेवक पर कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पंचायत के अनुरक्षकों ने जिलाधिकारी के नाम आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि पटसारा पंचायत के 13 वार्डों में 14 स्थानों पर नल-जल योजना की पानी टंकियां स्थापित हैं। सभी अनुरक्षक लंबे समय से ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं, लेकिन उनका मासिक मानदेय लंबे समय से बिना किसी स्पष्ट कारण के रोक दिया गया है। इससे उनके परिवार आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।
अनुरक्षकों का आरोप है कि जब उन्होंने पंचायत सेवक से बकाया मानदेय भुगतान का अनुरोध किया तो उनसे कहा गया कि पहले कुल राशि का 10 प्रतिशत कमीशन अग्रिम जमा करें, तभी उनके खाते में भुगतान किया जाएगा।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष प्रति अनुरक्षक 24 हजार रुपये मिलने थे, लेकिन केवल 20 हजार रुपये ही खाते में भेजे गए। शेष 4 हजार रुपये की अवैध कटौती किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अनुरक्षकों ने कहा है कि वे सभी गरीब परिवारों से आते हैं और नल-जल योजना का संचालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर पानी की आपूर्ति बंद कर देंगे और रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को विवश होंगे। इससे पूरे पंचायत की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में अनुरक्षकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पंचायत सेवक एवं अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, सभी अनुरक्षकों का बकाया मानदेय तत्काल भुगतान कराने तथा पिछले वर्ष कथित रूप से काटी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
आवेदन पर अनुरक्षक सोनू कुमार, नीलम कुमारी, ममता देवी, मुन्ना महतो, बेचन दास, संतोष कुमार, माला देवी, राजा कुमार, अरुण राय, पूनम कुमारी, संजीत कुमार साहनी, प्रीति कुमारी और आरती कुमारी के हस्ताक्षर दर्ज हैं।












