Advertisement

नालंदा में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़,लापता नाबालिग को छुड़ाया गया; 5 आरोपी गिरफ्तार

-नालंदा में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़,लापता नाबालिग को छुड़ाया गया; 5 आरोपी गिरफ्तार

नालंदा: बिहार में मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। लहेरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 6 मई से लापता एक नाबालिग किशोरी को बरामद किया और मामले में 3 महिलाओं समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे बंधक बनाकर रखा गया था और अलग-अलग स्थानों पर ले जाया जाता था। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने कई गंभीर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। मामले में यौन शोषण और मानव तस्करी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि इस कथित गिरोह का मुख्य आरोपी छोटी पहाड़ी निवासी राजा कुमार है। आरोप है कि वह कमजोर और जरूरतमंद लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाता था और बाद में उन्हें गिरोह के अन्य सदस्यों के हवाले कर देता था।

पुलिस ने इस मामले में मोगल कुआं हबीबपुरा की किरण उर्फ बॉबी, पलामू (झारखंड) निवासी लक्ष्मी देवी, बाढ़ निवासी रेखा देवी और विद्या उर्फ विनय कुमार समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध वाहन और लोगों की गतिविधियां सामने आईं। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कथित गिरोह तक पहुंच बनाई।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और कथित ग्राहकों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पीड़िता की काउंसलिंग, मेडिकल जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी हुई है।