-दहेज के लिए विवाहिता के परिजनों के साथ मारपीट, महिला को घर से निकाला
वैशाली। गोरौल थाना क्षेत्र के रूसुलपुर कोरीगांव में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया गया।
इस संबंध में पीड़िता पार्वती देवी ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार रूसुलपुर कोरीगांव निवासी विनोद पासवान के साथ हुई थी। शादी के दौरान उपहार स्वरूप कपड़े, बर्तन, जेवरात, बाइक के अलावा ढाई लाख रुपये भी दिए गए थे।

आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर ससुरालवालों ने एक लाख रुपये व्यवसाय के लिए मायके से लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पैसे नहीं दिए गए तो पीड़िता को प्रताड़ित किया जाने लगा और घर से निकालने की धमकी दी गई।
मामले को सुलझाने के लिए जब पीड़िता के मायकेवाले रूसुलपुर पहुंचे तो आरोपियों ने लोहे के रॉड से पीड़िता के भाई समेत अन्य परिजनों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया। सभी घायलों को पहले गोरौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस मामले में पीड़िता के पति विनोद पासवान, ससुर हरेंद्र पासवान, सास मंजू देवी सहित पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।












