Advertisement

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पूर्व मुखिया की मौत, राजापाकर में शोक की लहर

-तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पूर्व मुखिया की मौत, राजापाकर में शोक की लहर

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव):

राजापाकर प्रखंड अंतर्गत बेरई पंचायत के पूर्व मुखिया वीरेंद्र कुमार सिंह (83 वर्ष) की मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, वीरेंद्र कुमार सिंह प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह अपने पैतृक गांव मटियारा से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान कल्याणपुर गांव के समीप सड़क पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन उन्हें आनन-फानन में पटना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूर्व मुखिया की आकस्मिक मृत्यु की खबर मिलते ही उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। शोक जताने वालों में बेरई पंचायत के वर्तमान मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष कुणाल सिंह, पूर्व मुखिया मुकेश राम, राजेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह और संतोष सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

ग्रामीणों ने उन्हें एक कर्मठ, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व का धनी बताया। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

घटना की सूचना परिजनों द्वारा सराय थाना को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।