-मुजफ्फरपुर में 60 से अधिक योजनाओं की समीक्षा, 1451 ग्रामीण सड़कों की होगी जांच
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक हुई। इसमें जिले में चल रही 60 से अधिक केंद्रीय एवं राज्य संपोषित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के तहत अनुरक्षणाधीन 1451 ग्रामीण सड़कों की जांच 15 अक्टूबर के बाद जिला स्तरीय टीम से कराने का निर्णय लिया गया। डीएम ने बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित संवेदकों के खिलाफ प्राथमिकी और ब्लैकलिस्टिंग सहित कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर-सुगौली रेल दोहरीकरण परियोजना में कांटी, महवल और मोतीपुर स्टेशन से संबंधित भू-अर्जन मामलों का जल्द निष्पादन कर रैयतों को मुआवजा देने का निर्देश दिया गया। माड़ीपुर-सकरी सड़क, मिठनपुरा-इमली चौक सड़क, आरसीसी नालों और अखाड़ाघाट पुल निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण, आपसी समन्वय और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।











