Advertisement

एलसी गेटों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, 66.98 लाख रुपये होंगे खर्च

-एलसी गेटों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, 66.98 लाख रुपये होंगे खर्च

मुजफ्फरपुर। रेल यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल के समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड, मोतिहारी, सीतामढ़ी और बेतिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग (एलसी) गेटों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 66.98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए रेलवे प्रशासन ने खुली ई-निविदा आमंत्रित की है। इसके माध्यम से योग्य एजेंसी का चयन कर विभिन्न लेवल क्रॉसिंग गेटों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। निविदा से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक विवरण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।

रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान कई बार वाहन चालक और पैदल यात्री जल्दबाजी में नियमों का उल्लंघन करते हुए गेट पार करने की कोशिश करते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने के साथ रेलवे फाटक के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं भी सामने आती हैं। सीसीटीवी कैमरे लगने से ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखना आसान होगा। नियमों का उल्लंघन करने और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी।

नई निगरानी व्यवस्था से लेवल क्रॉसिंग गेटों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। किसी तकनीकी खराबी, जाम या अन्य आपात स्थिति में संबंधित रेलकर्मियों को समय पर जानकारी मिलने से त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी। इससे रेल परिचालन को सुरक्षित बनाने और ट्रेनों की आवाजाही में अनावश्यक बाधा कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस पहल से समस्तीपुर मंडल के विभिन्न लेवल क्रॉसिंग गेटों की निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही, रेल यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।