Advertisement

करजा में ताड़ के पेड़ पर अटका मिला युवक का शव, ताड़ी उतारने चढ़ा था पेड़ पर

-करजा में ताड़ के पेड़ पर अटका मिला युवक का शव, ताड़ी उतारने चढ़ा था पेड़ पर

मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र के मकदुमपुर कोदरिया में ताड़ के पेड़ पर चढ़े एक व्यक्ति की मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उसका शव ताड़ के पेड़ पर अटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान मकदुमपुर कोदरिया वार्ड संख्या-6 निवासी स्वर्गीय नथुनी चौहान के पुत्र महेश चौहान (50) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महेश चौहान ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़े थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान पेड़ पर उनका शव दिखाई दिया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना करजा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि पेड़ पर ताड़ी उतारने के दौरान हृदय गति रुकने से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।

करजा थानाध्यक्ष राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा तैयार कर शव उन्हें सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।