Advertisement

डीएम और एसपी ने किया छतौनी क्षेत्र का निरीक्षण, जाम और दुर्घटना रोकने के दिए निर्देश

-डीएम और एसपी ने किया छतौनी क्षेत्र का निरीक्षण, जाम और दुर्घटना रोकने के दिए निर्देश

-ऑटो-वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक, सर्विस रोड जल्द मोटरेबल बनाने का आदेश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर एसडीओ अरुण कुमार, एसडीपीओ सदर दिलीप कुमार और एनएच डिवीजन मोतिहारी के परियोजना निदेशक के साथ छतौनी चौक के आसपास के मुख्य पथ का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सड़क की स्थिति और जाम की समस्या का जायजा लिया।

– जाम रोकने को लेकर सख्त निर्देश

डीएम ने निर्देश दिया कि छतौनी के आसपास मेनरोड पर ऑटो सहित छोटे वाहनों को खड़ा न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी होती है।

सदर एसडीओ और एसडीपीओ सदर को डीएम ने निर्देश दिया कि वे छतौनी क्षेत्र का लगातार भ्रमण करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखें।

निर्माणाधीन पुल के पास सर्विस रोड को जल्द मोटरेबल बनाने का निर्देश एनएच डिवीजन के परियोजना निदेशक को दिया गया। डीएम ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों को तुरंत भरवाया जाए ताकि दुर्घटना की आशंका न रहे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।