-डीईओ रजनीकांत प्रवीण के कई ठिकानों पर निगरानी टीम ने मारा छापा
-नोट गिनने के लिए मंगवाना पड़ा मशीन
समस्तीपुर। सम्वाददाता।
बेतिया में तैनात जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत सिंह के ससुराल समस्तीपुर के बहादुरपुर में निगरानी टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। निगरानी टीम को भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है, जिसे गिनने के लिए मशीन लाया गया है। राशि कितना बरामद हुआ है उसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। यह छापेमारी उनके परिवार के कुछ सदस्य के खिलाफ जांच को लेकर की जा रही है। रजनीकांत सिंह की सास निर्मला शर्मा जो कि एक रिटायर्ड टीचर हैं और उनकी पत्नी सुषमा शर्मा, जो समस्तीपुर के तिरहुत एकेडमी हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं तथा उनकी साली पूनम शर्मा, जो श्रीकृष्णा हाई स्कूल में पढ़ाती हैं।

इन सभी पर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी का कारण अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन यह जानकारी सामने आई है कि पुलिस इन शिक्षिकाओं के खिलाफ जांच कर रही है। बेतिया और समस्तीपुर में पुलिस और प्रशासन की टीमें जांच के लिए मौके पर पहुंची हुई है। संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही हैं। फिलहाल छापेमारी की प्रक्रिया जारी है और मामले की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। बतादें कि अधिकारियों ने डीईओ रजनीकांत प्रवीण के आवास के साथ – साथ उनके दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और वाल्मीकिनगर समेत अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है। 40 सदस्य की टीम ने एक साथ विभिन्न जगहों पर कार्रवाई की। बहरहाल निगरानी टीम द्वारा छापामारी से जिले में हलचल मचा हुआ है।












