Advertisement

जनगणना की तैयारी तेज: राजापाकर में परगणकों व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न

-जनगणना की तैयारी तेज: राजापाकर में परगणकों व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव):

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के परिसर में आगामी मई माह में होने वाली जनगणना को लेकर परगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण जोर-शोर से चल रहा है। तीसरे बैच के प्रशिक्षण के अंतिम दिन भलुई, बैकुंठपुर, राजापाकर दक्षिणी एवं गौसपुर बरियारपुर पंचायतों से जुड़े कर्मियों को विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में प्राथमिक विद्यालय से लेकर 10+2 तक के शिक्षक, आवास सहायक, कृषि सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं विकास मित्र शामिल हुए। मास्टर ट्रेनर अमरेश कुमार सिंह, राजकुमार राम, राजेश चंद्र, रूपेश कुमार, मनोज शर्मा एवं हेमंत कुमार द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराया गया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन पूर्व सत्रों का पुनरावलोकन कराया गया तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से अभ्यास करवाया गया। इस दौरान परगणकों द्वारा की गई त्रुटियों को चिन्हित कर उनमें सुधार कराया गया। पुनः मॉक ड्रिल कराकर उन्हें बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए तैयार किया गया, ताकि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशिक्षण के दौरान यह प्रक्रिया लगातार जारी रही, जिससे परगणकों को अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली संभावित चुनौतियों के समाधान की पूरी जानकारी मिल सके।

वहीं, बुधवार से शेष तीन पंचायत—जाफरपट्टी, बखरी बड़ाई एवं बाकरपुर के परगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 अप्रैल तक चलेगा।