Advertisement

जनकपुरधाम में सीता पुष्प वाटिका का भव्य उद्घाटन, 18 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण

-जनकपुरधाम में सीता पुष्प वाटिका का भव्य उद्घाटन, 18 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण

जनकपुरधाम। मिश्री लाल मधुकर।

जनकपुरधाम के ऐतिहासिक मणिमंडप परिसर में 18 करोड़ की लागत से निर्मित सीता पुष्प वाटिका का उद्घाटन नेपाल सरकार के उप प्रधानमंत्री एवं शहरी विकास मंत्री प्रकाश मान सिंह ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मणिमंडप परिसर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और जनकपुरधाम को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटकीय गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि यह स्थल जगत जननी सीता और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के विवाह स्थल के रूप में विश्व भर में जाना जाता है और इसकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होनी चाहिए। इसके विकास के लिए केन्द्र, प्रदेश और स्थानीय सरकारों को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है।

मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह ने कार्यक्रम में कहा कि जनकपुरधाम की पहचान अंतरराष्ट्रीय है। भारत और नेपाल से प्रतिदिन भारी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार से इसके और व्यापक विकास की मांग की।

सीता पुष्प वाटिका परिसर में विवाह भवन, दो धर्मशालाएं और अन्य महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण किया गया है। यह परियोजना तत्कालीन शहरी विकास मंत्री प्रभु साह के प्रयासों से प्राथमिकता सूची में शामिल हुई थी।

उद्घाटन समारोह में जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह, पूर्व मेयर बजरंग प्रसाद साह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय जनता में इस परियोजना को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

यह वाटिका जनकपुरधाम को वैश्विक धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।