Advertisement

जगतवीर राय हत्याकांड: RJD प्रतिनिधिमंडल ने DGP से लगाई न्याय की गुहार, पूर्व SHO की गिरफ्तारी की मांग

-जगतवीर राय हत्याकांड: RJD प्रतिनिधिमंडल ने DGP से लगाई न्याय की गुहार, पूर्व SHO की गिरफ्तारी की मांग

गायघाट/मुजफ्फरपुर।दीपक। गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में समाजसेवी स्वर्गीय जगतवीर राय हत्याकांड का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पटना पहुंचा और बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात कर आरोपी पूर्व थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

आरजेडी नेताओं ने डीजीपी कार्यालय में हुई बैठक के दौरान हत्याकांड में आरोपी बनाए गए गायघाट के पूर्व थानाध्यक्ष राजा सिंह की अविलंब गिरफ्तारी, जेल भेजने और सेवा से बर्खास्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी ने तत्काल मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से फोन पर बातचीत की। साथ ही जांच से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों और एफएसएल (FSL) टीम को रिपोर्ट के साथ समीक्षा के लिए तलब किए जाने की जानकारी सामने आई है। डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल और पीड़ित पक्ष को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक के दौरान आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को लेकर भी आरजेडी प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पर्व से पहले पशु तस्करी के नाम पर आम लोगों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में विधान पार्षद मो. कारी सोहैब, जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता और उपाध्यक्ष जितेंद्र किशोर समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे। बैठक में राज्य में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

आरजेडी नेताओं ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि डीजीपी के निर्देश के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।