-गोरौल में धूमधाम से शुरू हुआ हनुमंत महायज्ञ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गोरौल (वैशाली)। संवाददाता । मोहन कुमार सुधांशु।
गोरौल नगर पंचायत के व्यासचक गांव में सोमवार को पांच दिवसीय हनुमंत महायज्ञ सह संकट मोचन श्री हनुमान मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस शुभ अवसर पर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कलश यात्रा में पूर्व मंत्री वृशिण पटेल, विना शाही, पूर्व विधायक राज किशोर सिंह, उपमुख्य पार्षद धनमंती देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कलश यात्रा में 551 कन्याएं एवं महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने पहलेजा घाट से लाया गया गंगाजल यज्ञ स्थल तक पहुँचाया। यात्रा में गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े और ध्वज पताकाओं के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कलश स्थापना अयोध्या से पधारे यज्ञाचार्य देवेंद्र प्रसादाचार्य और महंत स्वामी निवासनंद सरस्वती की देखरेख में विधिपूर्वक की गई।
यज्ञ स्थल को मंडप के चारों ओर कलशों से सजाया गया है। कार्यक्रम में श्रीराम कथावाचक गौरव पांडेय (अयोध्या) और साध्वी आदिति प्रिया (वृंदावन) सहित देश के विभिन्न हिस्सों से संतगण पहुंचे हैं। प्रतिदिन शाम 4 बजे से 8 बजे तक श्रीराम कथा और इसके उपरांत रामलीला मंचन किया जाएगा।

विशेष रूप से, यज्ञ स्थल पर 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और एक भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है। आयोजन समिति की ओर से भक्तों के ठहरने, भोजन व जलपान की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
पूर्व मंत्री श्री पटेल ने कहा, “कलयुग में रामकथा से बढ़कर कुछ नहीं। यह भगवान के नामरूपी अमृत का पान है जो जीवन को धन्य बना सकता है।” उपमुख्य पार्षद ने कहा कि यज्ञ की वेदमयी ध्वनि से वातावरण शुद्ध होता है और भक्तिभाव जाग्रत होता है।
इस भव्य कलश यात्रा में मुख्य पार्षद नागेंद्र दास, जदयू नेता संजय सिंह, पंकज सिंह, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार सिंह, संजय कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
#हनुमंत_महायज्ञ #गोरौल_समाचार #रामकथा #कलश_यात्रा #हनुमान_प्रतिष्ठा #वैशाली_समाचार #आस्था_का_मेला #रामलीला2025











