-गोबरसही में जलजमाव व नलजल की समस्या को लेकर मंत्री आवास का घेराव
मुजफ्फरपुर।
गोबरसही में सड़क पर जलजमाव और नलजल योजना से लोगों को पानी उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर सोमवार को लोक चेतना दल ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश संगठन सचिव धनवंती देवी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण दुर्गा स्थान से नारेबाजी करते हुए पंचायती राज विभाग के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के गोबरसही स्थित आवास पर पहुंचे और घेराव किया।
धनवंती देवी ने मीडिया से कहा कि समस्या को लेकर कई बार पत्राचार किया गया, यहां तक कि गत माह भी पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जी जन समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।

जिला महासचिव आनंद कुमार झा ने कहा कि डुमरी-गोबरसही-सकरी सरैया रोड, जो पटना मार्ग को जोड़ती है, पर बारहों मास गंदे पानी का जलजमाव रहता है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं राष्ट्रीय महासचिव शकिन्द्र कुमार यादव ने सवाल उठाया कि आखिर नाला निर्माण में विलंब क्यों हो रहा है, क्या सत्ताधारी जन समस्याओं से बेखबर हैं?
इस घेराव-प्रदर्शन में दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा, जिलाध्यक्ष मो. यूनुस, मिथलेश देवी, किरणा देवी, उर्मिला देवी, इंदिरा देवी, रीतलाल साह, अवधेश यादव, पनवा देवी, समीना खातून, जुली खातून, शबाना खातून, सूरज कुमार, सरोज राम, राज कुमार, राहुल कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।












