Advertisement

कांटी में सद्भाव यात्रा का भव्य स्वागत, बोले निशांत कुमार—पिता के विचारों को आगे बढ़ाना ही लक्ष्य

-कांटी में सद्भाव यात्रा का भव्य स्वागत, बोले निशांत कुमार—पिता के विचारों को आगे बढ़ाना ही लक्ष्य

मुजफ्फरपुर/कांटी।

कांटी विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत किशुनगर वार्ड-5 स्थित एनएच-27 के समीप रविवार को जदयू के वरिष्ठ नेता निशांत कुमार का भव्य स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय नेता राजकुमार चौधरी के आवास पर आयोजित हुआ, जहां कांटी के विधायक सह पूर्व मंत्री अजीत कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान विधायक अजीत कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अपनी “सद्भाव यात्रा” के तहत पटना से पश्चिमी चंपारण जा रहे हैं। इसी क्रम में कांटी में उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि यह यात्रा बापू की धरती चंपारण से शुरू हो रही है, जो सामाजिक सौहार्द और विकास के संदेश को लेकर आगे बढ़ेगी।

अपने संबोधन में निशांत कुमार ने स्वागत से अभिभूत होते हुए कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सद्भाव यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बिहार को देश और दुनिया के मानचित्र पर अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है और विकास की गति को निरंतर बनाए रखना है।

उन्होंने आगे कहा कि इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और जदयू संगठन और मजबूत होगा। वहीं विधायक अजीत कुमार ने कहा कि भीषण बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि निशांत कुमार के प्रति लोगों में गहरा उत्साह और विश्वास है।

अजीत कुमार ने विश्वास जताया कि निशांत कुमार अपने पिता के नक्शे कदम पर चलकर एक जिम्मेदार नेतृत्व प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ने का काम करेगी और पंचायत स्तर तक संवाद से संगठन को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, मीनापुर विधायक अजय कुशवाहा, गायघाट विधायक कोमल सिंह, रूनीसैदपुर विधायक पंकज मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह यात्रा बिहार में विकास, सामाजिक न्याय और सद्भाव के नए युग की शुरुआत करेगी।