-औराई में भीषण सड़क हादसा, दो बसों की आमने-सामने टक्कर में चालक की मौत, कई यात्री घायल
मुजफ्फरपुर/औराई। औराई थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (एनएच-22) पर बुधवार की दोपहर दो यात्री बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गिरजा बस के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बसों में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिरजा बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों ने गैस कटर और लोहे की रॉड की मदद से बस का गेट काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक चालक की पहचान सीतामढ़ी जिले के मुरादपुर गांव निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है।

हादसे के दौरान तेज आवाज के साथ दोनों बसों की भिड़ंत हुई, जिसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर, सूचना मिलते ही औराई थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को सड़क से हटाकर किनारे कराया, जिसके बाद एनएच-22 पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।












