-औराई में चोरों का तांडव, एक ही रात आठ घरों को बनाया निशाना
-चार घरों से 40 लाख के गहने-नकदी चोरी
-जनार पंचायत के बेनीपुर गांव में भीषण चोरी से दहशत
-शिक्षक के घर से 10 लाख से अधिक के आभूषण व नकदी गायब
-डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
मुजफ्फरपुर। औराई थाना क्षेत्र की जनार पंचायत स्थित बेनीपुर गांव में शनिवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में आठ घरों को निशाना बनाया। इनमें चार घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर करीब 35 से 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। एक साथ कई घरों में चोरी की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
चोरों ने गांव के शिक्षक सुधीर कुमार सिंह, अरविंद ठाकुर, मनोज सिंह और नवल पांडेय के घरों में चोरी की। बताया जाता है कि अधिकांश घरों के लोग रात में मुख्य दरवाजा बंद कर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोर ऊपरी मंजिल की सीढ़ी वाले दरवाजे से घरों में दाखिल हुए और आराम से कीमती सामान समेट लिया।

शिक्षक सुधीर कुमार सिंह के घर से चोर 10 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वहीं, अरविंद ठाकुर के घर से 15 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। मनोज सिंह के घर से भी करीब पांच से आठ लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान गायब हैं। इसके अलावा नवल पांडेय के घर में भी चोरों ने कीमती सामान और संपत्ति पर हाथ साफ किया।
वारदात के दौरान चोरों ने ऐसी चालाकी दिखाई कि घर के लोगों को भनक लगने के बावजूद बाहर निकलना मुश्किल हो गया। शिक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सुबह 4 बजकर 22 मिनट पर उनकी नींद खुली। कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को फोन कर मदद मांगी। पड़ोसियों ने भी बताया कि उनके घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही बेदौल ओपी प्रभारी मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से स्वान दस्ता (डॉग स्क्वायड) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर जांच की। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी की इस बड़ी वारदात का उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।












