-आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़ा; रातोंरात बन गया दूल्हा
मुजफ्फरपुर: जिले के कटरा थाना क्षेत्र से प्यार और पंचायत का एक अनोखा मामला सामने आया है। आधी रात को अपनी प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गांव में पंचायत बैठी और दोनों पक्षों की सहमति से कुछ ही घंटों में प्रेमी-प्रेमिका का निकाह करा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कमाल देर रात करीब एक बजे अपनी प्रेमिका नुसरत प्रवीण से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने घर को बाहर से बंद कर दिया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। रातभर यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बना रहा।

स्थिति को देखते हुए गांव के प्रबुद्ध लोगों ने तत्काल पंचायत बुलाई। लड़के पक्ष को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत के बाद पंचायत ने निर्णय लिया कि चूंकि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और विवाह के लिए तैयार हैं, इसलिए सामाजिक सहमति के साथ इनका निकाह करा दिया जाए। प्रेमी-प्रेमिका ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति जताई।
इसके बाद तड़के करीब तीन बजे मौलाना को बुलाया गया और इस्लामी रीति-रिवाज के अनुसार दोनों का निकाह संपन्न कराया गया। बताया जा रहा है कि मोहम्मद कमाल और नुसरत प्रवीण एक ही पंचायत के रहने वाले हैं और लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। नुसरत दसवीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निकाह दोनों परिवारों और प्रेमी-प्रेमिका की आपसी सहमति से कराया गया। यही कारण है कि कटरा थाना में इस संबंध में किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल, यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












