-अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो किशोरों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल
मुजफ्फरपुर। जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताने-बेरई मुख्य सड़क पर महुली के समीप मंगलवार शाम तेज रफ्तार एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बेरई गांव निवासी टुनटुन महतो के 13 वर्षीय पुत्र विक्रम और लक्ष्मण पासवान के 16 वर्षीय पुत्र आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर मालिक दोनों घायल किशोरों को उनके परिजनों को बिना सूचना दिए इलाज के लिए किसी अज्ञात अस्पताल ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोश जताने लगे। घायल बच्चों की जानकारी नहीं मिलने से परिजन काफी देर तक परेशान रहे।

सूचना मिलने पर हथौड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेरई निवासी ट्रैक्टर मालिक संजय राय के घर से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के समय ट्रैक्टर संजय राय का पुत्र चला रहा था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
हथौड़ी थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।












