Advertisement

अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति, हर साल जुलाई में निकलेगा भर्ती विज्ञापन : मुख्यमंत्री

-अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति, हर साल जुलाई में निकलेगा भर्ती विज्ञापन : मुख्यमंत्री

पटना, 22 मई 2026 : राज्य में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले 5 वर्षों में राज्य में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक वर्ष लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली की जाएगी और हर साल जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान यह घोषणा की। बैठक में शिक्षा विभाग के सचिव श्री विनोद सिंह गुंजियाल ने विभागीय कार्यों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से शिक्षा विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण को पारदर्शी और सरल बनाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि महिला शिक्षकों का स्थानांतरण यथासंभव गृह जिले के अपने प्रखंड के गृह पंचायत के समीप किया जाए, जबकि पुरुष शिक्षकों को गृह जिले के अपने गृह प्रखंड के आसपास स्थानांतरण देने को लेकर नीति बनाई जाए।

इसके अलावा राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति ‘जीविका’ के माध्यम से कराने का निर्देश भी दिया गया। सरकार का मानना है कि इससे समय पर पोशाक उपलब्ध होगी और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, श्री संजय कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के सचिव श्री विनोद सिंह गुंजियाल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री साजन राजसेकर तथा प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री विक्रम वीरकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।