-स्कूल से छुट्टी के बाद गायब आठवीं के तीन छात्र सकुशल बरामद, अमृतसर जाने के लिए निकले थे
मुजफ्फरपुर। बोचहा थाना क्षेत्र से स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हुए आठवीं कक्षा के तीन छात्रों को बुधवार को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद छात्रों की पहचान कार्तिक, वैभव और आदर्श के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तीनों छात्रों को गरहां ओवरब्रिज के नीचे से बरामद कर बोचहा पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया कि मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद तीनों छात्र अपने घर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन की अनुमति से बच्चों का वीडियो भी प्रसारित कराया। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना मिली कि तीनों छात्रों को बखरी स्थित एक होटल में खाना खाते हुए देखा गया है। इसके बाद परिजन और स्कूल प्रबंधन अलग-अलग स्थानों पर उनकी तलाश में जुट गये।
तलाश के दौरान ग्रामीणों को जानकारी मिली कि तीनों बच्चे गरहां ओवरब्रिज के नीचे मौजूद हैं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सकुशल बरामद किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चों को बोचहा पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पूर्वी आलय वत्स ने भी पूरे मामले की जांच की।

पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे स्कूल से सीधे अमृतसर जाने के लिए निकले थे। पहले रेलवे स्टेशन पहुंचकर बरौनी जाने वाली ट्रेन पकड़ी। बरौनी पहुंचने के बाद तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इनमें से एक बच्चा अमृतसर जाने के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद तीनों बस से छपरा पहुंचे और वहां से बस पकड़कर मुजफ्फरपुर लौट आये। मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद उन्होंने एक होटल में खाना खाया।
बच्चों का वीडियो प्रसारित होने के बाद लोगों से मिली सूचनाओं के आधार पर तलाश तेज की गयी। इसी दौरान गरहां ओवरब्रिज के नीचे तीनों बच्चों के होने की जानकारी मिली और उन्हें सकुशल बरामद कर लिया गया।
बोचहा थानाध्यक्ष यशवंत कुमार सिन्हा ने बताया कि तीनों बच्चे सकुशल बरामद हो गये हैं। बुधवार को न्यायालय में उनका बयान कराया जायेगा। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके परिजनों के हवाले किया जायेगा। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।












