Advertisement

सुप्रीम कोर्ट से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को बड़ी राहत

-सुप्रीम कोर्ट से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को बड़ी राहत

-फिलहाल सुरक्षित रहेगी विधानसभा सदस्यता

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। सर्वोच्च न्यायालय ने गैरइरादतन हत्या के एक मामले में विधायक की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है। इस फैसले के बाद फिलहाल उनकी विधानसभा सदस्यता पर मंडरा रहा अयोग्यता का खतरा टल गया है।

दरअसल, इस मामले में निचली अदालत ने राजू कुमार सिंह को दोषी ठहराते हुए चार साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। हालांकि, विधायक की ओर से सुप्रीम कोर्ट में राहत की गुहार लगाई गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने का आदेश दिया है। शीर्ष अदालत के इस फैसले से विधायक को फिलहाल राहत मिली है और उनकी विधानसभा सदस्यता सुरक्षित रहेगी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अंतिम फैसले पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।