Advertisement

छठ पूजा की सामग्री वितरण के दौरान दो पक्षों में झड़प, 4-5 लोग घायल; सीएचसी में भी तनाव

-छठ पूजा की सामग्री वितरण के दौरान दो पक्षों में झड़प, 4-5 लोग घायल; सीएचसी में भी तनाव

मुजफ्फरपुर/सरैया। सरैया नगर पंचायत के बासोकुंड गांव स्थित दलित बस्ती में शनिवार की देर शाम छठ पूजा के लिए पूजन सामग्री वितरण के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों के चार से पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सरैया ले जाया गया। यहां भी दोनों पक्षों के समर्थकों के जुटने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

पूजन सामग्री वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद:

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य पार्षद कुमारी अर्चना के प्रतिनिधि रूपेश कुमार सिंह शनिवार की देर शाम अपने समर्थकों के साथ बासोकुंड गांव की दलित बस्ती में छठ पूजा की पूजन सामग्री वितरित कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड संख्या 12 के पार्षद गौरीशंकर सिंह वहां पहुंचे और अपने क्षेत्र में पूजन सामग्री वितरण का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

इस दौरान दोनों पक्षों के चार से पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि रूपेश कुमार सिंह के समर्थक कृष्ण कुमार सहनी के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए। इसके बाद रूपेश कुमार सिंह उन्हें लेकर सीएचसी सरैया पहुंचे। कुछ ही देर में उनके सैकड़ों समर्थक भी अस्पताल पहुंच गए।

सीएचसी परिसर में भी बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा:

इसी बीच झड़प में घायल वार्ड पार्षद गौरीशंकर सिंह भी इलाज के लिए सीएचसी पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने आने से अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अपर थानाध्यक्ष मो. नौशाद आलम और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को परिसर से बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर भी सीएचसी पहुंचीं और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली। उपमुख्य पार्षद दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरैया पुलिस ने आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को बुला लिया। पुलिस वार्ड पार्षद गौरीशंकर सिंह को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंची।

तीन महीने से चल रहा था पैसे के लेनदेन का विवाद:

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि नगर पंचायत चुनाव के बाद दोनों पक्षों के बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन पैसे के लेनदेन को लेकर पिछले करीब तीन महीने से विवाद चल रहा था। शनिवार को हुई झड़प के पीछे भी इसी पुराने विवाद को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जाता है कि वार्ड पार्षद गौरीशंकर सिंह जमीन के कारोबार से भी जुड़े हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले मुजफ्फरपुर जाने के दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उनकी पत्नी के साथ रहते हुए उन पर गोलीबारी की थी। पेट में गोली लगने के बाद काफी मशक्कत से उनकी जान बची थी।

इधर, पुलिस ने गौरीशंकर सिंह को नशापान के आरोप में हिरासत में लिया है। घटना को लेकर दोनों पक्ष थाने में मौजूद थे और आवेदन लिखे जाने की प्रक्रिया जारी थी। फिलहाल थाना प्रभारी का आधिकारिक पक्ष और मामले में आगे की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।