-वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो युवक गिरफ्तार
-नानपुर से चोरी करने की कबूली बात
मुजफ्फरपुर। जिले के जजुआर ओपी पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान संजय मंडल और निशु कुमार मंडल के रूप में हुई है। दोनों जजुआर ओपी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने नानपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पहसौल बाजार के समीप नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों से मोटरसाइकिल के कागजात और रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने मोटरसाइकिल नानपुर क्षेत्र से चोरी करने की बात स्वीकार की।
इस मामले में जजुआर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। साथ ही मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।












