-कुढ़नी में तेज रफ्तार तेल टैंकर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा
मुजफ्फरपुर/कुढ़नी। कुढ़नी थाना क्षेत्र के चंद्रहट्टी स्थित फोरलेन पर सोमवार को तेज रफ्तार तेल टैंकर की चपेट में आने से 55 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। मृतक की पहचान चंद्रहट्टी जगदम्बा स्थान निवासी सुबोध कुमार ठाकुर उर्फ भुल्लर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार ठाकुर सोमवार को किसी काम से पैदल चंद्रहट्टी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टैंकर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे टैंकर चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर फोरलेन जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना पुलिस के साथ स्थानीय मुखिया एवं राजद नेता अनीश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। मुखिया अनीश सिंह ने अपने निजी कोष से मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद करीब दस मिनट से जारी सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त तेल टैंकर और चालक को हिरासत में लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।












