-बेनीबाद में छठ घाट जा रहे व्रतियों के बीच अनियंत्रित हुआ आलू लदा ट्रक
-बाल-बाल बचे श्रद्धालु
-केवटसा चौक पर एनएच-27 से नीचे उतरकर बोलेरो में मारी टक्कर
-हादसे के बाद मची अफरातफरी
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की अहले सुबह बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा चौक पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ घाट जा रहे व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच आलू लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक एनएच-27 से नीचे उतरकर सड़क किनारे स्थित एक निजी डेंटिंग-पेंटिंग दुकान के पास खड़ी बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंजाब नंबर का आलू लदा ट्रक खलासी चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

बताया जाता है कि हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। उस समय बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा सामग्री से भरा दउरा लेकर घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक को अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते देख मौके पर अफरातफरी मच गई। श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही ने यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












