-सांसद की अध्यक्षता में हुई जिला विद्युत समिति की बैठक, नए पीएसएस बनाने का प्रस्ताव
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आज सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में बिजली व्यवस्था सुधारने और नए पावर सब-स्टेशन बनाने पर चर्चा हुई।
– कई विधायक रहे मौजूद
बैठक में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, हरसिद्धि विधायक कृष्णानंदन पासवान, मधुबन विधायक राणा रणधीर सिंह, चिरैया विधायक लाल बाबू प्रसाद, केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा, सुगौली विधायक राजेश कुमार, ढाका विधायक फैसल रहमान, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा और नरकटिया विधायक विशाल कुमार शामिल हुए।
डीएम सौरभ सुमन यादव, विद्युत अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा समेत बिजली विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता और अधिकारी मौजूद थे।
– जर्जर तार-पोल बदलने पर जोर
सभी विधायकों ने अपने क्षेत्रों में जर्जर बिजली तार और पोल बदलने, पुरानी संरचना मजबूत करने और अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग रखी। गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए प्रस्ताव दिए गए।

– 4 नए पावर सब-स्टेशन का प्रस्ताव
बैठक में सदर अस्पताल परिसर, ई-हाउस आधारित PSS, एम.एस. कॉलेज के पास और पदुमकेर-पताही क्षेत्र में नया पावर सब-स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इससे बढ़ते लोड के अनुसार उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिल सकेगी।
– 13,419 बीपीएल परिवारों के घर लगेगा सोलर
पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा भी हुई। पहले चरण में जिले के 13,419 BPL परिवारों के घर सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य है। यह काम ओसवाल पम्प्स लिमिटेड को दिया गया है।
– कृषि फीडरों से बिजली तार चोरी रोकने का निर्देश
कृषि फीडरों से चोरी हुए तारों को तुरंत बदलने का निर्देश दिया गया। बिजली चोरी और तार चोरी रोकने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बिजली विभाग ने जनप्रतिनिधियों के सभी सुझावों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। बैठक का संचालन कार्यपालक विद्युत अभियंता प्रदीप कुमार सुमन ने किया।












