Advertisement

श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम वर्षा सिंह ने लिया जायजा, सुरक्षा व सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

-श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम वर्षा सिंह ने लिया जायजा, सुरक्षा व सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

हाजीपुर। आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने शुक्रवार को बिदुपुर प्रखंड स्थित चेचर घाट एवं प्राचीन बाबा जागेश्वरनाथ धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला दंडाधिकारी एवं पर्याप्त महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेचर घाट पर बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ की तैनाती तथा जल सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का सख्ती से पालन कराने पर विशेष जोर दिया।


जिला पदाधिकारी ने सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी संबंधित विभागों को दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि लगभग 1600 वर्ष पुराने प्राचीन बाबा जागेश्वरनाथ धाम का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं।