Advertisement

“रोड नहीं तो वोट नहीं”— टेंगराहां में जर्जर सड़क को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नेताओँ के बहिष्कार की चेतावनी

-“रोड नहीं तो वोट नहीं”— टेंगराहां में जर्जर सड़क को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नेताओँ के बहिष्कार की चेतावनी

मीनापुर (मुजफ्फरपुर)।
मीनापुर प्रखंड के टेंगरा हां गांव में पिछले दो दशकों से जर्जर पड़ी सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर उतर आया। ग्रामीण संजीव कुमार चुन्नू के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने पदयात्रा निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” और “कोई नेता गांव में प्रवेश न करे” जैसे नारों से गांव का माहौल गरमा दिया।

ग्रामीण रणधीर कुमार ने बताया कि यह सड़क वर्ष 2005 में बनी थी, लेकिन इसके बाद से अब तक कोई मरम्मत नहीं हुई। सड़क की हालत अब इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान वर्तमान वैशाली सांसद वीणा देवी और उनकी पुत्री कोमल सिंह ने सड़क निर्माण का वादा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के 15 महीने बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ।

दीपक कुमार और अमित कुमार ने चेतावनी दी कि अगर विधानसभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण नहीं हुआ, तो टेंगराहां गांव के सभी ग्रामीण चुनाव के दिन गायघाट में कैंप कर कोमल सिंह का विरोध करेंगे।

पंकज यादव और मिट्ठू यादव ने मीनापुर विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से विधायक हैं, लेकिन गांव की सड़क की दुर्दशा पर आज तक कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों में उनके खिलाफ भी गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

प्रदर्शन में राजीव कुमार, सुबोध कुमार, राजा कुमार, राजेश कुमार, अंजीव कुमार, विकास कुमार, राजभूषण कुमार, संतोष कुमार, दीपक कुमार, पंकज यादव, कामेश्वर सिंह, गगन मांझी, सुरेन्द्र सिंह, उमेश सिंह, बंटी कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।