Advertisement

मेडिकल ओवरब्रिज के पास सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव, मची अफरातफरी

-मेडिकल ओवरब्रिज के पास सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव, मची अफरातफरी

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के दरभंगा रोड स्थित मेडिकल ओवरब्रिज के पास बुधवार को सीएनजी गैस टैंकर से अचानक तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर से गैस रिसता देख आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। आग लगने की आशंका से लोग दहशत में आ गए।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही कुछ देर के लिए रोक दी गई। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। टैंकर से लगातार निकल रही गैस और तेज आवाज को देखकर आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके में विशेष सतर्कता बरती गई।
गैस रिसाव के कारण मेडिकल ओवरब्रिज के आसपास कुछ समय तक भय और तनाव का माहौल बना रहा। प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए तकनीकी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।