-मुजफ्फरपुर में EOU की बड़ी कार्रवाई: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ससुराल पर तड़के छापा, 1.20 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति की जांच
मुजफ्फरपुर: आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सासाराम में पदस्थापित लघु जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल समेत राज्य के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तड़के करीब 7 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के स्पीकर चौक (मई स्थान) इलाके में हड़कंप मच गया।
ईओयू की विशेष टीम ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी।

तलाशी के दौरान एक कमरा बंद मिलने पर अधिकारियों ने विशेष चाबी मंगवाकर ताला खुलवाया और कमरे में रखे दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला।
ईओयू के अनुसार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी पर अपनी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से लगभग 1.20 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसी मामले में पटना, सासाराम, बांका और मुजफ्फरपुर सहित कुल छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पटना स्थित ठिकानों से लग्जरी फ्लैटों से संबंधित दस्तावेज, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, महंगी ब्रांडेड घड़ियां तथा कई जमीनों के कागजात मिलने की जानकारी सामने आई है। वहीं, मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल में तलाशी अभियान जारी है और अधिकारियों को यहां से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल ईओयू की टीम जब्त किए गए दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।












