Advertisement

मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर बड़ा शिकंजा, बांग्लादेश कनेक्शन उजागर, संपत्ति जब्ती की तैयारी

-मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर बड़ा शिकंजा, बांग्लादेश कनेक्शन उजागर, संपत्ति जब्ती की तैयारी

मुजफ्फरपुर। बिहार से बांग्लादेश समेत साउथ एशिया के देशों तक लोगों की निजी जानकारी बेचने वाले साइबर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। मुजफ्फरपुर सहित अन्य जगहों से पकड़े गए आरोपितों की अब संपत्ति की जांच की जा रही है और जल्द ही अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति जब्त की जाएगी।

जांच में खुलासा हुआ है कि साइबर ठगों का नेटवर्क बांग्लादेश के मो. शाकिब से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य उसे लोगों का निजी डेटा भेजते थे, जिसका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक जड़ों तक पहुंचने में जुट गई है।

साइबर थाना पुलिस आरोपितों की चल-अचल संपत्तियों को खंगाल रही है। संपत्तियों की पहचान होने के बाद कोर्ट में अर्जी दाखिल कर जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी ऋषभ के बैंक खाते में मिले करीब चार लाख रुपये पहले ही फ्रीज कर दिए गए हैं। पूछताछ में ऋषभ ने स्वीकार किया है कि उसका संपर्क बांग्लादेश के मो. शाकिब से Telegram के जरिए हुआ था। उसने यह भी माना कि उसने बड़ी संख्या में एपीआई और बोट के जरिए आम लोगों का निजी डेटा साझा किया था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। फरार आरोपी गौरव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और इसके लिए एसटीएफ का गठन किया गया है।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया, “निजी डेटा चुराकर विदेशों में बेचने वाले गिरोह की संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है। अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जाएगा। जल्द ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।”

पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों में उम्मीद जगी है कि अब ऐसे गिरोहों पर कड़ी लगाम लगेगी।