Advertisement

बिरौली चौक पर जाम से लोग परेशान, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग; गोलंबर निर्माण की जरूरत

-बिरौली चौक पर जाम से लोग परेशान, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग; गोलंबर निर्माण की जरूरत

दीपक । पूसा (समस्तीपुर)। पूसा प्रखंड की मोरसंड पंचायत अंतर्गत बिरौली चौक पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौक पर यातायात का दबाव अधिक रहने के कारण अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बिरौली चौक दो प्रमुख सड़कों का मिलन स्थल है। यहां एक सड़क पूसा से समस्तीपुर की ओर जाती है, जबकि दूसरी सड़क कल्याणपुर के टारा चौक से बिरौली होते हुए पूसा और ताजपुर की ओर जाती है। दोनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण चौक पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।


मंगलवार को जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य सह आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार स्वयं सड़क पर उतरे और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाने में सहयोग किया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं यातायात विभाग से बिरौली चौक पर नियमित रूप से यातायात पुलिस या ट्रैफिक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की।
इसके साथ ही चौक पर गोलंबर निर्माण कराने की भी मांग उठाई, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर अविलंब ध्यान देना चाहिए, जिससे आम जनता को जाम से राहत मिलने के साथ सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।