-कार्तिक पूर्णिमा पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन, भक्तिरस में सराबोर हुआ माहौल
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित एक आवासीय परिसर में धर्म सभा मानस मंडली की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी की आराधना की।
कार्यक्रम में मानस मंडली के सदस्य धर्मनाथ सिंह, शिवजी सिंह, रामदेनी सिंह, परमानंद सिंह, नवीन सिंह, सत्यप्रकाश सिंह एवं अवध सिंह ने मधुर स्वर और संगीत के साथ सुंदरकांड की प्रस्तुति दी। संगीतमय पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे और पूरा वातावरण जय श्रीराम एवं जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर मानस मंडली के सदस्य शिवजी सिंह ने सुंदरकांड पाठ के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुंदरकांड का पाठ करने से मनुष्य को मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। भगवान हनुमान की भक्ति जीवन की कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। इसके श्रवण एवं पाठ से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
कार्यक्रम में त्रिभुवन सिंह, अरुण सिंह, गौतम सिंह, उत्तम सिंह, गौरव सिंह, छोटू सिंह, धीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।












