Advertisement

कोर्ट परिसर में वकीलों के बैठने के नही जरूरी इंतेजाम, बुजुर्गों की दुर्गति

-कोर्ट परिसर में वकीलों के बैठने के नही जरूरी इंतेजाम, बुजुर्गों की दुर्गति

-बार असोशिएशन के जिलाध्यक्ष बोले_एक महीने में दूर हो जाएगी समस्या

पटना। ललितेश्वर प्रसाद सिंह।

पटना सिविल कोर्ट परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं रहने से हजारों अधिवक्ताओं को अपना अदालती कामकाज निपटाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। युवा व अधेड़ अधिवक्ता तो घुमंतू अंदाज में अपने काम निपटाते खुद को तरोताजा करने के लिए बगल में महेन्द्रूघाट की सैर भी कर लेते हैं, लेकिन सीनियर और बुजुर्ग अधिवक्ता जिन्हें चलने फिरने में परेशानी है, उन्हें ज्यादा दुर्गति झेलनी पड़ती है। जब वकीलों के बैठने लायक ही जगह नहीं, तो उनके मुवक्किलों के बैठने की तो बात ही दूर है। मजबूरी में युवा और अधेड़ अधिवक्ता अदालत के पीछे महेन्द्रूघाट पर बने मंडप या चबूतरों पर बैठकर मुवक्किलों से डील करते उनके अदालती काम देखते हैं। जबकि कई सीनियर बुजुर्ग अधिवक्ता अपनी गाड़ी में बैठकर ही जूनियर साथियों और मुवक्किलों से बात करते नजर आते हैं। वैसे, इस संबध में पूछने पर पटना जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद सिन्हा ने बताया कि एक महीने के अंदर अधिवक्ताओं की ये परेशानी दूर हो जाएगी।उनके बैठने लायक टेबल, कुर्सी सहित अन्य सुविधाओं को लेकर टेंडर से लेकर डेमो कार्य पूरा हो चुका है।


अभी पटना सिविल कोर्ट परिसर में करीब दो हजार वकीलों के बैठने की कमोबेश व्यवस्था है। जबकि यहां रजिस्टर्ड वकीलों की संख्या करीब 14 हजार बताई जाती है। भवन तो बनकर पहले से तैयार है लेकिन कुर्सी टेबल, अलमारी वगैरह के चक्कर में टेंडर का काम रुका हुआ था। ऐसे में हजारों वकील कोर्ट परिसर के पीछे छोटी छोटी फूस की झोपड़ियां बनाकर, इनपर प्लास्टिक चढ़ाकर परेशानी मे रहते अपना अदालती काम करते रहे हैं। लेकिन प्रकृति भी उनके जीवन से खिलवाड़ करती रही है। हर साल बाढ़ बारिश में ये झोपड़ियां गिरती और ध्वस्त होकर वकीलों को सड़क पर लाकर खड़ी कर देती हैं। जगह जगह उपजे जंगल, घास, कीचड़, कचरे के बीच रहते इनकी जिंदगी बदतर बनी रहती है। अधिवक्ता प्रेम सागर पांडेय, अनिकित कुमार, विकाश पटेल, रवि कुमार, अमृतेश कुमार, अविनाश कुमार, अनीश कुमार आदि ने बताया कि भले ही टेंडर और डेमो कार्य पूरा हो चुका है लेकिन उसका प्रेजेंटेशन नहीं हुआ है। बार काउंसिल की बैठक में सालभर से यह समस्या उठती रही है। इसी महीने हुई बैठक में आश्वासन मिला है कि एक महीने में वकीलों को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। कोर्ट परिसर में बिजली, पानी, बाथरूम की समस्या तो नहीं लेकिन वाहनों की पार्किंग की समस्या बड़ी है। वकीलों के नए भवन में शिफ्ट हो जाने पर उनके लिए बनी टूटी फूटी झोपड़ियों को हटाकर उसे अधिवक्ताओं और कोर्ट कर्मियों के लिए पार्किंग स्थल बनाए जाने की चर्चा है।
कोर्ट परिसर के बाहर मिले कुछ नए अधिवक्ताओं ने भी यही समस्या गिनाई। मुंबई, दिल्ली, मद्रास जैसे महानगरों से कानून की पढ़ाई पूरी कर कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे इन युवाओं ने अपना नाम भले ही नहीं बताया, लेकिन उनका संवाद जरूर सधा हुआ था। खासकर सीनियर और बुजुर्ग अधिवक्ताओं को जगह और सुविधा के अभाव में बैठने में होनेवाली समस्या को अत्यंत पीड़ादायक बताया। खुद को युवा बताते हुए बुजुर्गों के सामने अपनी पीड़ा को नगण्य भी कहा। यह सुनकर आश्चर्य भी हुआ। आज की हाई प्रोफाइल जिंदगी में जहां रिश्ते भी हेलो…हाय… की डिजिटल दुनिया में सैर कर रहे हों उसमें पराये के प्रति इतना स्नेह सम्मान तो बिड़ले ही देखने को मिलता है। इन नवोदित अधिवक्ताओं ने इतना जरूर दिखा दिया कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में भले ही सामाजिक सांस्कृतिक मूल्यों का क्षरण हुआ है , लेकिन वह मिटा नहीं है।