-मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी का अपहरण, 10 लाख फिरौती की मांग; छह घंटे में यूपी से सकुशल बरामद
मुजफ्फरपुर। शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिसकाट गली इलाके से मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार का अपहरण कर लिया गया। अपहरण के बाद बदमाशों ने कारोबारी की रिहाई के बदले स्वजन से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर कारोबारी की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान कारोबारी के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद यूपी पुलिस के सहयोग से ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने करीब छह घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश से कारोबारी को सकुशल बरामद कर लिया। बताया गया कि अपहरण के बाद बदमाश कारोबारी को यूपी ले गए थे और वहां एक खंडहरनुमा मकान में बंद करके रखा था। इस दौरान वीडियो कॉल के माध्यम से स्वजन को कारोबारी की पिटाई करते हुए दिखाया गया और 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।

घटना के बाद कारोबारी के स्वजन काफी चिंतित हो गए। बुधवार को मामले की शिकायत मिठनपुरा थाने में की गई। इसके बाद थानेदार अजय कुमार ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने यूपी पुलिस से संपर्क कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की और कारोबारी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कार्रवाई पूरी होने के बाद अपहरण की पूरी घटना और आरोपितों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। एसएसपी ने कारोबारी के सकुशल बरामद होने की पुष्टि की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












