Advertisement

नगर पंचायत में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी, 10 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

-नगर पंचायत में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी, 10 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

मुजफ्फरपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 100 माइक्रोन से कम मोटाई वाले सिंगल यूज प्लास्टिक कैरी बैग, पॉलीथिन, प्लास्टिक के ग्लास, कप, चम्मच और स्ट्रॉ सहित अन्य प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और उपभोक्ताओं के खिलाफ आर्थिक दंड की कार्रवाई की जा रही है।
नगर पंचायत के स्वच्छता पदाधिकारी उज्ज्वल कुमार के नेतृत्व में शहर के मुख्य बाजारों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने करीब 10 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पाद जब्त किए।


जांच के दौरान पॉलीथिन में सामान बेचते पाए गए 12 दुकानदारों से मौके पर जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के साथ ही सभी दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी गई।
स्वच्छता पदाधिकारी ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्राहकों को प्लास्टिक की थैलियों में सामान नहीं दें और प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों की बिक्री से पूरी तरह परहेज करें। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की।
नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करते दोबारा पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।