-गायघाट में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक, कालाबाजारी पर रहेगी कड़ी नजर
दीपक कुमार/गायघाट। गायघाट प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में गुरुवार को उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के लगभग सभी खाद दुकानदारों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित करने और खाद की कालाबाजारी व जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच किसानों को खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को लेकर तीखी बहस और गरमा-गरम चर्चा भी हुई। समिति ने स्पष्ट किया कि किसानों को उर्वरक के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और दुकानदारों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही खाद की बिक्री करनी होगी।

बैठक में दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों पर उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक और निर्धारित कीमत का बोर्ड प्रमुखता से लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसानों को तय मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
समिति ने कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि उर्वरक की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद मिल सके।












