Advertisement

मुजफ्फरपुर का टॉप-10 वांछित बदमाश राजेश भगत पटना से गिरफ्तार, दिल्ली भागने की थी तैयारी

-मुजफ्फरपुर का टॉप-10 वांछित बदमाश राजेश भगत पटना से गिरफ्तार, दिल्ली भागने की थी तैयारी

मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 वांछित बदमाशों में शामिल राजेश भगत को पटना से गिरफ्तार किया है। वह करीब नौ साल से लूटपाट के एक मामले में फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पटना रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
बताया गया कि राजेश भगत दिल्ली भागने की फिराक में था। इसी दौरान एसटीएफ को उसके पटना पहुंचने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने पटना रेलवे स्टेशन के आसपास कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।


गिरफ्तार राजेश भगत मूल रूप से सनाथी गांव, थाना बोचहां, जिला मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ कुढ़नी थाना में वर्ष 2017 में लूटपाट का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं होने के कारण उसका नाम मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 वांछित बदमाशों की सूची में शामिल किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में पुलिस को अन्य बदमाशों और उनके संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी मिलने की बात सामने आई है। राजेश भगत की निशानदेही पर पुलिस टीम कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।