-बंद आरओ सिस्टम पर भड़कीं एसडीओ, व्यवस्था सुधारने की सख्त हिदायत
-पठन-पाठन, साफ-सफाई और छात्राओं की आवासीय व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर।अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मंगला कुमारी ने शहर स्थित आवासीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय और बड़कागांव स्थित पीएनएस मॉडल स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, साफ-सफाई, पेयजल और छात्राओं के रहने की व्यवस्था का जायजा लिया। कस्तूरबा विद्यालय में आरओ वाटर सिस्टम बंद मिलने पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने संचालक और वार्डन को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खराब आरओ सिस्टम को तत्काल ठीक कराने और छात्राओं को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

एसडीओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) गोविंद कुमार के साथ विद्यालय के किचन, आवासीय कमरों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की। किचन में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने सरकारी मानकों के अनुरूप छात्राओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
वहीं, पीएनएस मॉडल स्कूल में एसडीओ ने छात्राओं की कॉपियों की जांच कर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई से जुड़ी जरूरी बातें समझाईं और विद्यालय प्रधान को सभी कक्षाओं का नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अकाउंटेंट अंजली, संचालक असीम सिंह, वार्डन गरिमा समेत विद्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे। एसडीओ ने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवास और पोषक आहार उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।












