– मुजफ्फरपुर जिला के औराई,कटरा समेत विभिन्न प्रखंडों में भारी ओलावृष्टि, वर्षा एवं आंधी तूफान से फसल को व्यापक क्षति
मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिला के औराई,कटरा समेत विभिन्न प्रखंडों में भारी ओलावृष्टि, वर्षा एवं आंधी तूफान से फसल को व्यापक क्षति हुई है।पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों में तबाही मच गई। बताया जाता है कि गुरुवार की देर रात अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ा और विभिन्न इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश तथा ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे गेहूं,मक्का की तैयार फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह औराई विधायक रामसूरत राय ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुजफ्फरपुर जिला के औराई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।वहीं जिले के बन्दरा,मुरौल सहित कई प्रखंडों में आंधी तूफान के आंशिक असर की सूचना मिली है। बहरहाल जिन प्रखंडों में आंधी तूफान आई है। वहां के तैयार रवि फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। वहीं इस दौरान शादी एवं धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर जगह-जगह बनाए गए पूजा पंडालों को भी नुकसान पहुंचा है। कई आयोजन स्थलों पर अफरा-तफरी के बीच लोग इधर उधर भाग कर जान बचाते नजर आए।











