Advertisement

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी की पुरानी धारा पुनर्जीवन कार्य का लिया जायजा

-मुख्यमंत्री ने गंगा नदी की पुरानी धारा पुनर्जीवन कार्य का लिया जायजा

-अधिकारियों को दिए निर्देश

पटना।दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बख्तियारपुर प्रखंड के लखनपुरा में गंगा नदी की पुरानी एवं मृतप्राय धारा को घनसुरपुर घाट से देदौर घाट तक पुनर्जीवित करने हेतु चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने मुख्यमंत्री को योजना की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाने और बरसात से पूर्व इसे पूरा करने के निर्देश दिए।

इस योजना के तहत लगभग 4.42 किलोमीटर लंबाई में गाद सफाई कर गंगा की धारा को पुनः प्रवाहित किया जा रहा है, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति 3427.80 लाख रुपये है। मई 2025 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान चैनल के किनारे संभावित कटाव रोकने हेतु 1520 मीटर क्षेत्र में जीयो बैग स्लोप पिचिंग से सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट के निकट चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। यहां 330 मीटर की सीढ़ियों का निर्माण, 2100 मीटर में कटाव निरोधक कार्य, पाथवे, शौचालय, चेजिंग रूम, लैंडस्केपिंग व प्रकाश व्यवस्था आदि शामिल हैं। इस परियोजना की लागत 5606 लाख रुपये है, जिसे जून 2025 तक पूरा किया जाना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री राधे कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वतंत्रता सेनानी पंडित शीलभद्र याजी व उनकी धर्मपत्नी स्व. बालकेश्वरी याजी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, श्री सत्यानंद याजी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी मौजूद थे।

#बख्तियारपुर #गंगापुनर्जीवन #CMInspection #NitishKumar #जलसंसाधन #सीढ़ीघाट #गंगासुरक्षा #पटनान्यूज