-मानवाधिकार आंदोलन के प्रमुख स्तंभ प्रो प्रभाकर सिन्हा का निधन,
-90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
-मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे प्रो प्रभाकर सिन्हा
-तीन बार संभाला था पीयूसीएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व
मुजफ्फरपुर। देश के प्रख्यात मानवाधिकारवादी चिंतक और पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. प्रभाकर सिन्हा का शुक्रवार को पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे करीब 90 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत, बुद्धिजीवियों, समाजवादियों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रो. प्रभाकर सिन्हा प्रख्यात समाजवादी चिंतक सच्चिदानंद सिन्हा के छोटे भाई थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, नागरिक अधिकारों के संरक्षण और समाज के वंचित तबकों की आवाज बुलंद करने में समर्पित कर दिया। सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मानवाधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।

मानवाधिकार संगठन पीयूसीएल के संस्थापक सदस्यों में शामिल प्रो. सिन्हा ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वर्ष 1988 से 1990 तक राष्ट्रीय संगठन सचिव, 1990 से 2009 तक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 2009 से 2016 तक लगातार तीन बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। बिहार में भी उन्होंने वर्ष 1981 से 1991 के बीच पीयूसीएल के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व किया।
उनके निधन को देश के मानवाधिकार आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके योगदान को याद करते हुए समाजवादी चिंतक एवं लेखक अच्युतानंद नवीन, अरविंद वरुण, शाहिद कमाल, कुंदन कुमार और संजीव साहू समेत शहर के कई गणमान्य लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, विचारों और सामाजिक प्रतिबद्धता को याद किया।











