Advertisement

वेतनमान_बकाये अनुदान पर निर्णायक आंदोलन करेगा फैक्टनेब

-वेतनमान_बकाये अनुदान पर निर्णायक आंदोलन करेगा फैक्टनेब

-22 नवंबर को पटना के वीर कुंवर सिंह पार्क में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बनेगी रणनीति

पटना/ललितेश्वर प्रसाद सिंह। बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक_शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ(फैक्टनेब) वेतनमान और वर्षों के बकाए अनुदान का ब्याज सहित डीबीटी से एकमुश्त भुगतान जैसी मांगों को लेकर निर्णायक आंदोलन करेगा। शुक्रवार को फैक्टनेब के सदस्यों की बैठक में निर्णय हुआ कि आगामी 22 नवंबर को पटना के वीर कुंवर सिंह पार्क (हार्डिंग पार्क) में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी जिसमें विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए अपनी मांगों को जोरदार तरीके से सरकार के सामने रखने के लिए प्रभावी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।यह जानकारी फैक्टनेब के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि फैक्टनेब के प्रदेश महासचिव प्रोफेसर बांके बिहारी शर्मा ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को 22 नवंबर को कार्यकारिणी की होनेवाली बैठक की जानकारी दे दी है।


फैक्टनेब की प्रमुख मांगों में बीते पांच सितंबर को सरकार द्वारा की गई वेतनमान की घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए इस घोषणा को मंत्रिमंडल से स्वीकृति देकर अविलंब इसकी अधिसूचना जारी करने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा पटना हाईकोर्ट के फैसले को शीघ्र लागू करने, विधान पार्षदों की अनुशंसा को लागू करने, डिग्री और इंटर कालेजों आदि के बकाए अनुदान का ब्याज सहित एकमुश्त भुगतान डीबीटी से करने, इंटर कालेजों में 50 लाख और स्नातक स्तरीय कॉलेजों में डेढ़ करोड़ का बंधेज समाप्त कर विधानमंडल में लिए गए संकल्प के अनुसार अनुदान राशि के भुगतान की मांगें भी शामिल है।