-गायघाट में वाहन जांच के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.292 किलोग्राम गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
दीपक कुमार/ गायघाट
तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
मुजफ्फरपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गायघाट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद कथित तौर पर फिर से गांजा तस्करी में सक्रिय हुए अरविंद कुमार को पुलिस ने 12 किलो 292 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 12.292 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से बेनीबाद थाना क्षेत्र निवासी अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
मामले में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरफ्तार अरविंद कुमार का पूर्व में भी गांजा की खरीद-बिक्री से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था, लेकिन दोबारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
फिलहाल पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा तस्करी में सक्रिय होने के आरोप में अरविंद की गिरफ्तारी ने एक बार फिर क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई को चर्चा में ला दिया है।











