-सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में बोचहां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में तीन युवक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ एवं उसके साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर कार्यालय की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक द्वारा युवती के साथ अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़ करने तथा उसके साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था।

वहीं, एक अन्य युवक ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो का सत्यापन एवं जांच शुरू की। इस दौरान थाना क्षेत्र के चौकीदार को थाने पर बुलाकर वीडियो दिखाया गया, जिसके आधार पर आरोपितों की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अनुराग कुमार, विशाल कुमार एवं उज्ज्वल कुमार के रूप में हुई है। तीनों बोचहां थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में बोचहां थाना कांड संख्या 339/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।











