Advertisement

महिला को ब्लैकमेल कर यौन शोषण का आरोप, पति को भेजे आपत्तिजनक वीडियो

-महिला को ब्लैकमेल कर यौन शोषण का आरोप, पति को भेजे आपत्तिजनक वीडियो

-आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज

मुजफ्फरपुर। जिले में एक महिला को ब्लैकमेल करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मीनापुर निवासी अखिलेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता गरहा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। शिकायत के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले आरोपी ने मोबाइल पर बातचीत शुरू की थी। उसने खुद के शादीशुदा होने की बात छिपाकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर पटना के दीघा ले गया, जहां कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और उसका वीडियो बना लिया। बाद में जब महिला को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो उसने उससे संपर्क तोड़ लिया।


पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे और उसके परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया। उसने महिला के पति को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, वीडियो सार्वजनिक करने का डर दिखाकर महिला पर दोबारा मिलने का दबाव बनाया और कथित तौर पर उसका शोषण किया।
महिला के दूरी बनाने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पति के मोबाइल पर भेज दिए। पीड़िता के अनुसार, आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार फोन कर परेशान करता था। कॉल नहीं उठाने पर पड़ोसियों को फोन कर दुष्प्रचार करने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी भी देता था। आरोप है कि उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से भी महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कर दीं।
महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।