Advertisement

वरिष्ठ सर्वोदय नेता जगन्नाथ पांडे का निधन

-वरिष्ठ सर्वोदय नेता जगन्नाथ पांडे का निधन

-जेपी के मुशहरी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने में निभाई थी अहम भूमिका

मुजफ्फरपुर। जब मुशहरी में नक्सलवाद का खौफ था और गोलियों की गूंज व धमकियों के बीच लोग सहमे रहते थे, उस दौर में एक शख्स अहिंसा, ग्राम स्वराज और सामाजिक बदलाव की अलख जगा रहा था। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले वरिष्ठ सर्वोदय नेता जगन्नाथ पांडे उन्हीं लोगों में शामिल थे। उनके निधन से मुजफ्फरपुर के सर्वोदय परिवार और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

जगन्नाथ पांडे की पहचान जेपी के करीबी सहयोगियों और समर्पित गांधीवादी कार्यकर्ताओं में रही। जेपी के मुशहरी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा 117 ग्राम सभाओं की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। उन्होंने सामाजिक बदलाव, अहिंसा और ग्राम स्वराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

जेपी के करीबी सहयोगियों में थे शामिल:

जगन्नाथ पांडे जिला सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष और लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा स्थापित मुजफ्फरपुर विकास मंडल के अध्यक्ष भी रहे। गांधीवादी कार्यकर्ता संजीव साहू के अनुसार, जब जेपी पहली बार मुजफ्फरपुर आए थे, तब रेलवे जंक्शन पर उनका स्वागत करने वाली टीम में जगन्नाथ पांडे भी शामिल थे। वे ही जेपी को स्वतंत्रता सेनानी ध्वजा प्रसाद साहू के आवास तक लेकर गए थे। मुजफ्फरपुर प्रवास के दौरान जगन्नाथ पांडे लगातार जेपी के साथ रहे।

मुशहरी के चुनौतीपूर्ण दौर में उन्होंने सामाजिक समरसता, अहिंसा और ग्राम स्वराज के विचारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 117 ग्राम सभाओं की स्थापना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका याद की जाएगी।

उनके निधन को सर्वोदय आंदोलन और गांधीवादी विचारधारा के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके सामाजिक योगदान और जेपी के साथ बिताए गए संघर्षपूर्ण दिनों को मुजफ्फरपुर का सर्वोदय परिवार लंबे समय तक याद रखेगा।