-गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा, कई घर क्षतिग्रस्त
-तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना
मुजफ्फरपुर। शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित गोबरसही में नाला निर्माण के दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। सड़क की खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद तेज गति से गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस में आग लग गई और इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना भी सामने आई है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइपलाइन फटने के बाद गैस तेजी से बाहर निकलने लगी। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के करीब सौ मीटर के दायरे में कई घरों के शीशे चकनाचूर हो गए। कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरू किया। राहत एवं बचाव कार्य भी चलाया गया। घटना में चार से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन ने शुरू कराई जांच:
एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी मशीन से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि मौत के संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती है।
घटना के करीब चार घंटे बाद एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम हादसे से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के घरों को हुए नुकसान और आग की भयावहता को लेकर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।












