Advertisement

मजदूरी के पैसे मांगने पर युवक की पिटाई, पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत

-मजदूरी के पैसे मांगने पर युवक की पिटाई, पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत

मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के टेंगरारी पंचायत के वार्ड संख्या-2 में मारपीट में घायल 35 वर्षीय युवक मनोज सहनी की शुक्रवार सुबह पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक स्व. रामदेव सहनी का पुत्र था और राजमिस्त्री के रूप में मजदूरी करता था।
जानकारी के अनुसार, मनोज सहनी वार्ड सदस्य तपेश्वर सहनी के बेटे वीरेंद्र सहनी की ठीकेदारी में राजमिस्त्री का काम करता था। आरोप है कि 17 अगस्त को वह मजदूरी के बकाया पैसे मांगने वीरेंद्र सहनी के पास गया था। इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों की मदद से मनोज को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन उसे पीएमसीएच ले गए, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
परिजनों ने मामले में आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।